Saturday, 27 June 2015

विचार

एक पाश्चात्य विचारक ने कहा था कि विचारों के बीज हवा में (आकाश) में फेंकते रहना चाहिए । हो सकता है कि तत्काल यह बीज, अंकुरित,पल्लवित,पुष्पित और फलवति न हों । कभी भी कोई उर्वरा आधार और अनुकूल जलवायु मिल जाने पर इनमें से एक भी फलवति हो गया तो तुम्हारा प्रयास सार्थक हो गया । यदि ऐसा भी नहीं हुआ तो भी तुम कर्तव्य हीनता का बोझ लेकर,मरने से बच जाओगे ।

मैंने "आर्ट आफ लिविंग" के शिविर में एक वी०डी०ओ० देखा था । उसमें दिखाया गया था कि समुद्र में आती हर लहर जो मछलियॉं, सीपी या घोंघे तट पर छोड़ जाती थीं, उन्हें उठा-उठा कर एक व्यक्ति पुन: सागर की लहरों में फेंक देता था । एक दूसरा व्यक्ति जो काफ़ी देर से यह तमाशा देख रहा था, का धैर्य जवाब दे गया तो उसने जाकर उस व्यक्ति से पूंछा,"तुम यह क्या मूर्खता कर रहे हो ? अगली लहर इनको फिर से तट पर मरने के लिए फेंक देगी । तुम इनमें से  कितनों को  मरने से बचा पाओगे ?" उस व्यक्ति ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया,"यदि मैं एक को भी मरने से बचा पाया तो मेरा प्रयास सार्थक हो जायेगा । यदि मैं एक को भी नहीं बचा पाया तो कम से कम मुझे यह अफ़सोस तो नहीं होगा कि मैंने प्रयास क्यों नहीं किया ?"

मेरा मानना है कि दोनों में से यदि एक का भी अवतरण जीवन में हो जाये तो मानव योनि में जनम लेना सार्थक हो जाये ।

Friday, 26 June 2015

"कखरी लरका गाँव गोहार"

"कखरी लरका गाँव गोहार"
यह बुन्देलखण्ड की एक लोक कहावत है । इसका अर्थ यह है कि मॉं अपने लड़के को कॉंख में दाबे है (गोद में लिए है) और गाँव भर में गोहार (चिल्लाती) घूम रही है कि उसका लड़का खो गया है, किसी ने देखा हो तो बता दे । इस कथा में यह आगे जोड़ दिया जाता है कि पूरा गाँव उसकी बेवक़ूफ़ी पर हँस रहा है कि तभी एक सज्जन व्यक्ति को दया आ जाती है और वह कहता है,"अरी नासमझ बच्चा तो तेरी गोद में है, तू ढूँढ किसे रही है ? मॉं गरदन नीचे झुकाती है और बच्चे को अपनी गोद में देखकर, उसकी भागदौड़ समाप्त हो जाती है, बेचैनी समाप्त हो जाती है और वह परमानन्द में डूब जाती है ।

हमारी जितनी भी लोक कथाएँ है, उन सब का एक शाब्दिक अर्थ तो होता ही है,उसके साथ-साथ, उनमें समाज के लिए एक सन्देश भी होता है । इस लोक कथा का सन्देश यह है कि हर मानव, आनन्द को बाहर ढूँढ रहा है, वह यह भूल गया है कि आनन्द ही उसका स्वरूप है, और वह उसके अन्दर ही है, कहीं बाहर नहीं ? वह पत्नी में, बच्चों में,मित्रों में,धन में,शराब में,जुएँ में,पद में, वैभव में,यश में और न जाने कहॉं-कहॉं, न जाने कितने जन्मों से इस आनन्द को खोज रहा है ।प्रभु कृपा से कभी कोई सज्जन पुरुष (सद्गुरू) मिल जाता है और वह इस सत्य का साक्षात्कार करा देता है कि आनन्द तो तेरे अन्दर है,अपनी अंहकार से तनी गरदन को ज़रा सा झुकाकर देख तो सही तुझे अपने स्वरूप का ज्ञान हो जायेगा,"दिल में छुपा के रक्खी थी तस्वीरें यार की, ज़रा सी गरदन झुकाई, देख ली"।यह गरदन झुकाना (आत्मावलोकन) करना यदि जीव को आ जाये तो बच्चा तो उसकी गोद में है ही ।

Thursday, 25 June 2015

जीवन की संध्या है, बातें ही बातें हैं

जीवन की संध्या है, बातें ही  बातें हैं
अलसायी,उनींदीं सी न कटती राते हैं

सावन के झूले थे, फागुन की मस्ती  थी
बाैरिन सी दोपहरी,रह-रह कर डसती थी
अब न वे झगड़े है,न,प्यारी मनुहारें हैं
जीवन की संध्या है, बातें ही  बातें हैं

चूड़ियाँ खनकती थीं,पायलें गुनगुनाती थीं
भारी सी पलकें , सब कुछ कह जाती थीं
यादें ही यादें है,और यादें ही गाते हैं
जीवन की संध्या है, बातें ही बातें हैं 

Wednesday, 24 June 2015

माटी में ही जाऊँगा

माटी से जन्मा हूँ , मैं, और माटी में मिल जाऊँगा 
जब तक सॉंसे है देही में, झूम-झूम कर  गाऊँगा 

'सुखनिधान' का बेटा रोये, यह तो मेरी नियति नहीं है 
 शरणागत को तू ठुकराये, यह तो तेरी प्रकृति  नहीं है
  तुझको सारा राग सौंपकर, मैं वैरागी बन जाऊँगा 
  माटी से जन्मा हूँ ,मैं,और माटी में  मिल  जाऊँगा 
  
  तू ही हिम है, तू ही जल है, और तू, ही  है, नभ का  उड़ता बादल
  तू ही यशुदा का श्याम सलोना,तू ही राधा की ऑंखों का काजल
  अन्दर ही खोजूँगा तुझको, बाहर नहीं तुझे पाऊँगा 
  माटी से जन्मा हूँ , मैं, और माटी में मिल  जाऊँगा ।

Saturday, 20 June 2015

योग दिवस की पूर्व संध्या पर

कल अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस है ।कयी दिनों से इन्टरनेट पर,मीडिया पर ऐसा प्रचार चल रहा है कि जैसे कल पूरा संसार योगमय हो जायेगा ? मैं प्रसन्न हूँ,मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए,अत्यधिक उपयोगी,भारत की इस प्राचीन पद्धति के विश्व व्यापी प्रसार पर । मैं और मेरी तरह के करोड़ों लोग,इस पद्धति का आश्रय लेकर,मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ जीवन जीने में सफल हुए हैं । अत: इस पद्धति के प्रति,सम्मान या आभार का भाव न रखना कृतघ्नता ही कही जायेगी ।

पर इस दिवस पर मैं अपने को यह कहने से रोक नहीं पा रहा कि वर्तमान में चल रहा इसका व्यवसायीकरण,इस महत्वपूर्ण पद्धति को,एक वर्ग विशेष तक ही सीमित कर देगा और इसका लाभ जन सामान्य तक नहीं पहुँच पायेगा । 

महर्षि पतंजलि  ने योग की परिभाषा या उसका उद्देश्य बताते हुए कहा है,'योग: चित्त-वृत्ति निरोध:' यानि चित्त- वृत्ति का निरोध ही योग है । इस स्थिति तक पहुँचने के लिए उन्होंने आठ सोपान बताए हैं,इसीलिए उसे 'अष्टांग योग'कहा गया ।इसके आठ अंग इस प्रकार हैं,१-यम(अंहिसा,सत्य,ब्रह्मचर्य,अस्तेय,अपरिग्रह ) २-नियम(शौच,सन्तोष,तप,स्वाध्याय और ईश्वर प्राणिधान) ३-आसन ४-प्राणायाम ५-प्रत्याहार ६-धारणा ७-ध्यान ८-समाधि ।योग के व्यवसायीकरण ने किया यह है कि इन आठ सोपानों में केवल चौथे सोपान को लेकर सीधे सांतवे सोपान यानि ध्यान में पहुँचा दिया जाता है और उसका कारण यह बताया जाता है कि आज यह सब कुछ करा पाना सम्भव नहीं है और जब व्यक्ति ध्यान करने लगेगा तो बाक़ी चीज़ें स्वत: धीरे-धीरे,साधक में अवतरित होने लगेंगीं । उनका यह तर्क सतही तौर पर ठीक लगता है,पर जब आप गहराई में जाएँगे यानि गम्भीरता से विचार करेंगे तो आपको यह स्पष्ट हो जायेगा कि यह तर्क, अपने व्यवसाय को तेज़ी से विश्वव्यापी बनाने के उद्देश्य से गढ़े गए हैं । मुझे इनकी इस व्यवसायिकता पर भी आपत्ति नहीं है,क्योंकि उससे एक वर्ग विशेष को ही सही लाभ तो मिल रहा है । 

आज जितने भी योग के स्कूल चल रहे हैं,उनमें से ज़्यादातर स्कूलों के शुल्क इतने ज़्यादा है कि सामान्य व्यक्ति उसके बारे में सोंच ही नहीं सकता ।मुझे केवल यह निवेदन करना है कि भारतीय संविधान हर व्यक्ति को व्यवसाय करने की स्वतंत्रता देता है । आप इस स्वतंत्रता का पूर्ण उपभोग करने के लिए स्वतंत्र हैं पर कृपया इसे मानवता की सेवा का नाम मत दीजिए ।

Monday, 15 June 2015

"कुपथ निवारि सुपंथ चलाना,गुन प्रकटै अवगुनन्हि दुरावा"

"कुपथ निवारि सुपंथ चलावा,गुन प्रकटै अवगुनन्हि दुरावा"

यह पंक्ति 'मानस' में भगवान राम ने,सुग्रीव जी को मित्र के अर्थ समझाने हेतु कही है । इसका अर्थ यह है कि मित्र वह है जो आपको कुपथ (कुमार्ग) से हटाकर,सुपंथ (सुमार्ग) पर चलावे और आपके अवगुणों को छिपाकर,आपके गुणों को प्रकट करे या प्रकाशित करे ।

यह पंक्ति मेरी जीवन में कैसे उतरी ? इसको स्पष्ट करने के लिए मुझे ४७ वर्ष पूर्व जाना पड़ेगा । यह घटना वर्ष १९६८ में घटी थी जब मैं बी०एस०सी०(प्रथम वर्ष) का छात्र था । हुआ यूँ कि मेरा एक सहपाठी,जो विद्यालय का सबसे बदसूरत (गहरा काला रंग जो हबसियों के रंग की प्रति स्पर्धा करने में पूर्ण सक्षम था और नाक-नक़्श एेसे जैसे डाकखाने के डाक छाँटने वाले ने,एक मुहल्ले की डाक दूसरे मुहल्ले के खाने में डाल दी हो) मेरा घनिष्ठ मित्र बन गया और इसका कारण यह था कि वह बाहर से जितना बदसूरत था,अन्दर से उतना ही भोला और सरल ।

मेरा यह मित्र पिछड़ी जाति का था और मैं सवर्ण । शुरू में इसने मुझसे अपनी जाति छुपाई थी । यह अपने नाम के आगे प्रजापति लगाता था । उस समय मुझे नहीं मालूम था कि प्रजापति का अर्थ कुम्हार होता है । मैंने एक दिन इससे प्रजापति का अर्थ पूंछा तो इसने कहा कि गुप्ता (बनियॉं) में ही प्रजापति होते हैं । हुआ यूँ कि इसे किसी नौकरी के लिए फ़ार्म भरना था जिसके लिए इसे जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी । कई दिनों की परेशानी के बाद,तहसील से उसे प्रमाण पत्र हासिल हो पाया था तो इसने प्रसन्नता के आवेश में वह प्रमाण पत्र मुझे दिखा दिया । जब मैंने देखा तो उसमें कुम्हार लिखा हुआ था । मैंने दुखी होकर उससे पूंछा कि तुमने मुझसे झूठ क्यों बोला ? क्या हमारी दोस्ती जाति की मोहताज है ? उसने तुरन्त माफ़ी माँगते हुए कहा,भाई मैं डरता था ! मुझे कोई दोस्त बनाता नहीं है,मुझे लगता था कि कहीं तुम भी दोस्ती न तोड़ लो ? उसकी सरलता देखकर मैं तुरन्त सहज हो गया ।

मेरी और उसकी घनिष्ठता देखकर मेरे सवर्ण मित्रों ने पहिले तो बहुत प्रयास किया कि मैं उससे अपनी मित्रता तोड़ लूँ । पर जब इसमें उनको सफलता नहीं मिली तो वह उसके विरूद्ध षड्यंत्र रचने लगे ।
हमारी एक सहपाठिनी पंजाबी थी और बला की ख़ूबसूरत थी । मेरा मित्र विद्यालय का सबसे बदसूरत छात्र और वह सबसे ख़ूबसूरत छात्रा । मेरा मित्र एक साल बी०एस०सी० में फ़ेल हो चुका था, इस कारण से प्रायोगिक कक्षा में क्षात्राएँ उसके अनुभव का लाभ ले लेती थीं,जिसमें वह बला की ख़ूबसूरत छात्रा सबसे आगे थी । पंजाबी बातचीत में बेबाक़,मितभाषी और कुशल तो होते ही हैं सो उसके खुलेपन का (जो उसकी संस्कारगत विशेषता थी) मेरे मित्र ने ग़लत अर्थ निकाला और वह प्रेम की तपिश से तपने लगा और उसके इस एकतरफ़ा प्रेम को भड़काने का काम किया उन षड्यंत्रकारी सहपाठियों ने ।

मेरे मित्र का बाल-विवाह हो चुका था पर गौना(पुनरागमन) नहीं हुआ था । मेरा मित्र योजना बनाने लगा कि कैसे उससे छुटकारा पाया जाए? इसी बीच एक घटना और घट गयी । शाम का समय था,वह बला अपने घर के दरवाज़े पर खड़ी थी, मैं सामने से आ रहा था,उससे निगाहें चार हुईं, नमस्कार का आदान-प्रदान हुआ ।उसने पूंछा कहॉं से आ रहे हैं ? मैंने बताया । उसने कहा आपसे एक बात कहनी थी । मैंने कहा बताओ तो उसने कहा कि घर के अन्दर चलिए,आराम से बैठकर बात करेगें । मै एक क्षण के लिए असमंजस में तो पड़ा कि कहीं वह मेरे मित्र की किसी बेवक़ूफ़ी पर तो कोई बात नहीं करना चाहती ? फिर जाने क्या सोचकर मैं उसके घर के अन्दर चला गया । उसकी मम्मी चाय ले आईं । चाय पीने के बाद मैंने उससे पूंछा कि बताओ क्या बात करनी है । उसने कहा कि मैं कल लाइब्रेरी गयी थी ।मुझे 'कोटपाल सीरीज़' के पुस्तकों की ज़रूरत थी तो लाइब्रेरियन ने बताया कि वह आपके पास हैं और आप उन्हे परीक्षा के बाद ही जमा करेंगे । अत: अगर मैं उसे यह पुस्तकें कुछ दिनों के लिए दे दूँ तो वह नोट्स बनाकर मुझे वापिस कर देगी ।मैंने कहा ठीक है मैं कल विद्यालय में वे पुस्तकें,उसे दे दूँगा ।

मैं उसके घर के बाहर निकला ही था कि मेरा वह मित्र मिल गया । मुझे नहीं मालूम था कि वह हर शाम इस बला की एक झलक पाने के लिए,घंटों उसके घर के आस-पास बरबाद करता है । उसने मुझसे सशंकित होकर पूंछा कि मैं इतनी देर से उसकी तथाकथित प्रेमिका के यहाँ क्या कर रहा था ? और मेरी उससे क्या बातें हुईं ? मैनें भी मज़ा लेने के लिए कह दिया कि वह पूरे समय तुम्हारे ही विषय में बात करती रही । उसकी जिज्ञासा जैसे-जैसे बड़ती जाती थी,मेरी कल्पना की उड़ान भी तदनुसार व्यापक होती जाती थी । कहानी तो बहुत लम्बी है पर संक्षेप में हुआ यह कि उसका पागलपन बढ़ता ही गया ।

फ़ाइनल परीक्षा के लिए एक माह ही शेष रह गया था । मैं उसके घर गया तो उसने फिर वही पागलपन की बातें शुरू कर दीं । मुझे तेज़ ग़ुस्सा आया । मैं झटके से उठा और अलमारी से सीसा उठाकर उसके चेहरे के सामने रखकर बोला,"बेवक़ूफ़ अपना चेहरा देख सीसे में ? देखा ? क्या है तेरे पास ? न सूरत,न सीरत, न धन न वैभव । क्या है तेरे पास जो वह तेरे ऊपर मरेगी ? एक साल तेरा पहिले ही ख़राब हो चुका है ।तेरा भाई किस मुसीबत से तुझे पढ़ा रहा है ?और तू है कि परीक्षा के लिए एक महीना ही बाकी रहने के बाद भी,इश्क़ के भूत को सिर पे चढ़ाए घूम रहा है । वह एकदम से फूट-फूटकर रोने लगा और बोला कि तुम भी तो कह रहे थे कि वह देर तक मेरे बारे में तुमसे बातें करती रही थी । मैनें क़समें खाकर उसे समझाया कि वह सब मज़ाक़ था । कयी दिनों के लगातार प्रयास के बाद वह वास्तविकता को बेमन स्वीकार कर पाया । मुझे उसको सीसा दिखाने का जितना दु:ख आज भी है,उतनी ही ख़ुशी भी है कि उसका एक और साल बरबाद होने से बच गया और वह व्यवस्थित ज़िन्दगी जी पाया ।

Saturday, 13 June 2015

मरने पर ही स्वर्ग दिखना

एक बुन्देलखण्ड का प्रचलित मुहावरा है,"अपने मरै सरग दिखाई परै" यानि अपने मरने पर ही स्वर्ग के दर्शन होते है । इस मुहावरे का एक आध्यात्मिक अर्थ भी है और वह यह कि जो अपने को मार देता है यानि अपने अंहकार को समाप्त कर देता है, उस को स्वर्ग में प्राप्त होने वाला आनन्द सहज में ही तुरन्त प्राप्त हो जाता है । बच्चों को लाख मना कीजिए कि वह अग्नि से दूर रहें,पर जब तक वह एक बार जल नहीं जाता,नहीं मानता । यानि आप दूसरों के द्वारा दिये गये ज्ञान को तब तक नहीं स्वीकारते,जब तक वह आपके अनुभव में नहीं उतरता । 

बुन्देलखण्ड का एक मुहावरा और है,"सौ-सौ जूता खांय,तमाशा घुस कै दैखैं"यानि सौ-सौ जूते खाने के बाद भी आदमी भीड़ में घुसकर तमाशा देखता है । इसका आध्यात्मिक अर्थ यह हुआ कि यह सारा संसार प्रभु का तमाशा ही तो है पर इस तमाशे को व्यक्ति लाखों परेशानियों  के बावजूद देखना चाहता है । लोग लाख समझाएँ कि यह सारा तमाशा क्षणिक है,नश्वर है पर जब तक व्यक्ति अपनी आँखो से नहीं देख लेता यानि अपने अनुभव में नहीं ले आता, उस पर विश्वास नहीं करता ।